चित्रकूट। डीएम ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट कक्ष में बैठक में कहा कि नगर पालिका परिषद कर्वी के लिए ट्यूबवेल लगाने के लिए भूमि चिह्नित कर उपलब्ध कराएं। अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी को देखते हुए पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए। पेयजल की समस्या को लेकर शासन द्वारा लगातार समीक्षा भी की जा रही है।
बैठक में डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर निकायों की कार्य योजना व प्रस्ताव के अनुमोदन के संबंध में बैठक की। इसमें अधिशासी अभियंता लोनिवि से कहा कि शहर के आस-पास के मुख्य मार्गों कि सडक़ों के निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजें। कहा कि पेयजल के लिए अलग से कार्य योजना बनाकर वाटर कूलर, प्याऊ आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। राजापुर में पेयजल कनेक्शन के लिए कैंप लगाकर आम लोगों का पेयजल कनेक्शन कराएं।
बैठक में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कर्वी नरेंद्र गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष राजापुर संजीव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमेश चंद्र निगम, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश प्रसाद, उपजिलाधिकारी कर्वी पूजा साहू, अधिशासी अभियंता लोनिवि वेद नारायण, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कर्वी लालजी यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मऊ/राजापुर बीके गौतम, मानिकपुर भारत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।