पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के लोहदा गांव में मंदाकिनी किनारे एक घर में शनिवार रात आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। परिवार को पीटकर बंधक बनाया और नकदी-जेवर लूटकर फरार हो गए। सूचना पर डीआईजी और एसपी ने पहुंचकर जांच की।
पीड़ित जगन्नाथ निषाद ने बताया कि रात करीब एक बजे वह पत्नी रानी देवी, बेटी निशा और तीन बच्चों के साथ सो रहे थे। तभी छह नकाबपोश घर में घुस आए। बदमाशों ने उनकी पिटाई कर हाथ-पैर बांध दिए। घर में रखे पांच हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बेटी निशा को पीटा। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
सुबह सूचना पर थाना प्रभारी निशिकांत राय और सीओ यामीन अहमद मौके पर पहुंचे। बाद में डीआईजी राजेश एस और एसपी अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित से पूछताछ की। डीआईजी ने बताया कि तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। कुछ अहम सुराग मिले हैं, जल्द गिरफ्तारी होगी।