चित्रकूट। शहर के बस स्टैंड स्थित कार्यालय में सोमवार को समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक हुई। इसमें जिलाध्यक्ष के साथ सभी पदाधिकारियों में नए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और निष्क्रिय पदाधिकारियों का मूल्यांकन करने को लेकर सहमति बनी। जिलाध्यक्ष शिव शंकर सिंह यादव ने कहा कि पीडीए चर्चा कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता न निभाने वाले कार्यकर्ता को चेतावनी दें, न सुधरने पर पार्टी से बाहर किया जाएगा। साथ ही मतदाता सूची में 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं का नाम जुड़वाया जाए। इसके लिए हर कार्यकर्ता प्रयास करे। जिला महासचिव सत्यनारायण पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, अधिकारी सरकार के कार्यकर्ता बन कर काम कर रहे हैं। नरेंद्र यादव ने कहा कि कुछ दिनों से एआरटीओ के भ्रष्टाचार की लगातार शिकायतें हो रही हैं। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बैठक में मो. गुलाब खान, मदन त्रिपाठी, लवलेश यादव, अश्विनी विक्की यादव, राजा यादव, अजय यादव मौजूद रहे।