चित्रकूट। प्रयागराज के बहादुरगंज निवासी कार मालिक/चालक हिमांशु गुप्ता की हालत में शुक्रवार को काफी सुधार हुआ। पत्नी और परिजन चित्रकूट से प्रयागराज ले गए हैं। परिजनों के अनुसार अभी कोतवाली में किसी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ है। जिन दो युवकों को हिमांशु प्रयागराज से चित्रकूट लाया था, वह इन्हें थोड़ा पहचानता है। दोनों सिविल लाइंस रेलवे कालोनी के पास रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस छानबीन कर रही है।
शुक्रवार को कार मालिक हिमांशु ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति खराब होने से वह कार की प्राइवेट बुकिंग करता था। बुधवार शाम सिविल लाइंस बस स्टैंड के पास दो युवक मिले। इन्होंने चित्रकूट चलने के लिए कहा। लौटने का भी भाड़ा देने का भरोसा दिया। वह मऊ पहुंचा तो एक दुकान से लेकर रबड़ी खिलाई। इसमें कुछ मिला दिया था। रास्ते में नींद आने लगी तो इनमें से एक युवक कार चलाने लगा। कुछ दूर बाद सड़क किनारे फेंक दिया था। इस मामले में कोतवाल पंकज पांडेय ने बताया कि कार व उन दोनों युवकों की जानकारी की जा रही है। इस संबंध में एक मुकदमा सिविल लाइंस प्रयागराज में दर्ज हो चुका है। उसी मुकदमे में यह भी जोड़ा जाएगा। सिविल लाइंस थाने की पुलिस टीम की जांच में हर संभव मदद की जाएगी।