चित्रकूट। दिवाली पर्व की अमावस्या पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग ने विशेष तैयारी की है। विभाग ने रामघाट सहित कई संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया है और वहां 24 घंटे कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही जिले के विभिन्न स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अग्निशमन अधिकारी पवन कुमार त्यागी ने बताया कि अमावस्या मेले को ध्यान में रखते हुए रामघाट, जलेबी वाली गली, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, परिक्रमा मार्ग, बरहा हनुमान मंदिर, खोही स्कूल और निर्मोही अखाड़ा को संवेदनशील व महत्वपूर्ण स्थल घोषित किया गया है। इन सभी स्थानों पर कर्मचारी वाहन सहित ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में पांच अग्निशमन वाहन उपलब्ध हैं। वाहनों की कमी को देखते हुए पड़ोसी जिलों से अतिरिक्त वाहन और कर्मचारियों की मांग की गई है।
त्यागी ने बताया कि 16 से 26 अक्तूबर तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। केवल आपात स्थिति में ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग पूर्ण रूप से सतर्क है और किसी भी आगजनी या आपदा की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जाएगा।