सिंचाई बंधु की बैठक में शामिल किसान और अधिकारी।
- फोटो : संवाद
चित्रकूट। सिंचाई बंधु की बैठक बुधवार को सिंचाई विभाग सभागार में हुई। इसमें कई अधिकारियों के गैरहाजिर रहने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। किसानों ने जायद की फसल के लिए नहरें चलाने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन कर्वी तहसील के अध्यक्ष व सिंचाई बंधु सदस्य शैलेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकारी किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। बैठक में सभी अधिकारी नहीं आते हैं। इसकी शिकायत डीएम से की जाएगी। कहा कि गर्मी के माैसम में कई किसान जायद की फसल करते हैं। इसके लिए यमुना से संचालित होने वाली नहरों में समय-समय पर पानी छोड़ा जाए। वनरोज फसलों को नष्ट कर रहे हैं। वन विभाग इनको पकड़कर जंगल में छोड़े।
किसान छेदीलाल ने कहा कि नलकूप से खेतों की सिंचाई की जाए। किसान किशन सिंह ने कहा कि रोपे गए पौधों की रक्षा की जाए। सिंचाई विभाग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एसके सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में बांधों में पानी नहीं रहता है। इससे नहरों को चालू करने में समस्या होगी।