17 सीकेटीपी-07-नदी का जलस्तर कम होने के बाद घाट में जमा मलबा। संवाद
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में बुधवार को हुई तेज बारिश ने मंदाकिनी नदी को उफान पर ला दिया। बारिश के बाद नदी का जलस्तर कुछ ही घंटों में दो मीटर से अधिक बढ़ गया, जिससे रामघाट की निचली सीढ़ियां पूरी तरह पानी में डूब गईं और घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सिंचाई विभाग के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे मंदाकिनी का जलस्तर 123.200 मीटर था। दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश के कारण शाम 6 बजे तक जलस्तर तेजी से बढ़कर 125.650 मीटर तक पहुंच गया। मंदाकिनी नदी का खतरे का निशान 126.500 मीटर निर्धारित है। बुधवार शाम को नदी खतरे के निशान से महज 0.85 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी। जलस्तर को अचानक बढ़ता और खतरे के निशान के करीब आता देख रामघाट पर हड़कंप मच गया। घाट किनारे पूजन सामग्री, प्रसाद और फूल-माला की दुकानें लगाने वाले दुकानदारों में दहशत फैल गई। दुकानदार हरिशंकर, लालता प्रसाद और देवीदीन ने बताया कि पिछली बार भी बरसात के मौसम में इसी तरह अचानक पानी बढ़ा था और देखते ही देखते उनकी दुकानों में घुस गया था, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ था। इस बार भी वही स्थिति बनती देख कई दुकानदारों ने बुधवार शाम को ही अपना सामान समेट लिया और दुकानें खाली कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
हालांकि बृहस्पतिवार सुबह जलस्तर घटकर 124.800 मीटर पर आ गया, लेकिन जलस्तर घटने के बाद भी दहशत का असर कम नहीं हुआ। डर के कारण बृहस्पतिवार को भी रामघाट पूरी तरह से खाली रहा। अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं खोलीं। घाट पर पर्यटकों की आवाजाही भी न के बराबर रही। नाव संचालन भी प्रभावित रहा। वहीं, जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी अपने साथ भारी मात्रा में मलबा और कचरा भी ले आई है, जो घाटों की सीढ़ियों पर जमा हो गया है। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। उधर, नगर पालिका परिषद की टीम ने घाटों पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
-
वर्जन
यूपी-एमपी क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा था। अब बारिश थमने के बाद जलस्तर धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। विभाग की टीमें लगातार जलस्तर की निगरानी कर रही हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।- एसके प्रसाद, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग।
17 सीकेटीपी-07-नदी का जलस्तर कम होने के बाद घाट में जमा मलबा। संवाद