फोटो 27 सीकेटीपी-13-तुलसी मंदिर तक पहुंचा बांढ का पानी। संवाद
फोटो 27 सीकेटीपी-14-रामघाट में बाढ़ से बंद दुकानें। संवाद
फोटो 27 सीकेटीपी-15 आरोग्य धाम के पुल के ऊपर बहता पानी। संवाद
सौ से अधिक दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट, त्योहार में भी दुकानें बंद रखने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
खोही (चित्रकूट)। धर्मनगरी में एक सप्ताह बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर फिर खतरे के निशान के पार पहुंच गया। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान 126.500 मीटर से करीब दो मीटर नीचे 124.500 मीटर था। दोपहर 12 बजे तक जलस्तर बढ़कर 127.200 मीटर पहुंच गया। नदी का पानी बढ़ने से रामघाट की दुकानें फिर बंद करनी पड़ीं। इससे सौ से अधिक दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
इससे पहले 20 अगस्त को जलस्तर खतरे के निशान से करीब ढाई मीटर ऊपर 129 मीटर के पार तक पहुंच गया था। 21 अगस्त से जलस्तर में कमी शुरू हुई और बुधवार तक नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही थी। बुधवार रात से मध्य प्रदेश व पहाड़ी इलाकों में हुई तेज बारिश से बृहस्पतिवार को जलस्तर बढ़ गया।
घाट किनारे दुकानदारों की परेशानी फिर बढ़ गई। जिले में बृहस्पतिवार को 20 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई। रामघाट पर जलस्तर बढ़ने की जानकारी पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और रामघाट के रास्ते पर रोक लगा दी। चौकी प्रभारी सीतापुर यदुवीर सिंह पुलिस कर्मियों के साथ घाट किनारे पहुंचे और बैरियर लगाकर आवागमन बंद करा दिया। वहीं आरोग्य धाम के पास बना पुल भी डूब गया है।
शुक्रवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट
लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को जिले में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। मौसम वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को जिले में गर्जन के साथ भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
त्योहार कैसे मनाएं, जब रोजगार ही नहीं
फोटो-16-आशीष
दुकानदार आशीष ने बताया कि पिछले सप्ताह आई बाढ़ के बाद रविवार को मंदाकिनी का जलस्तर कम हुआ तो घाट किनारे दुकानदारों को उम्मीद जगी थी कि अब रोज दुकान खोलकर कारोबार शुरू कर सकेंगे लेकिन बृहस्पतिवार को नदी का जलस्तर फिर बढ़ने से दुकानें बंद करनी पड़ीं। त्योहार के समय भी दुकानें बंद होने से उनकी चिंता और बढ़ गई है।
रात में ही दुकान खाली कर दी
फोटो-17-चंदन यादव
दुकानदार चंदन यादव बताया कि सुबह से ही नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा था। खतरे को देखते हुए दुकान का सामान बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रख दिया। दुकान लगाने वाला स्थान पानी में डूब गया है। त्योहार का समय है लेकिन दुकान बंद होने से कोई काम नहीं है। ऐसे में परिवार चलाने की चिंता सता रही है।
बोले जिम्मेदार
मध्य प्रदेश और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण मंदाकिनी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। राहत और बचाव के लिए टीमें लगाई गई हैं। मंदाकिनी घाट के आसपास लाउडस्पीकर से लोगों को सतर्क किया जा रहा है। नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ राहत के भी इंतजाम किए जा रहे हैं।-एसके प्रसाद, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग।