युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार की दोपहर को थाना क्षेत्र के अहिरी गांव की नाली में फंसी बोलेरो को निकालने के लिए ट्रैक्टर ले कर जा रहे युवक की उसी ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव में आई एक बोलेरो बैक करते समय चालक की लापरवाही से नाली में फंस गई। जिससे आवागमन भी प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगाें ने मिलकर बोलेरो को निकालने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसी दौरान गांव का आशीष कुमार (25) पुत्र स्व.रमेेश कुमार आया तो कुछ लोगों ने उससे ट्रैक्टर लाकर बोलेरो निकालने को कहा।
आशीष घर से ट्रैक्टर लेकर आ रहा था कि रास्ते में अचानक नियंत्रण बिगड़ने पर ट्रैक्टर पलट गया और वह उसी के नीचे दब गया। यह देखकर ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। पुलिस टीम भी आई। सभी ने ट्रैक्टर हटाकर उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।