चित्रकूट। प्रदेश के प्रमुख सचिव (ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज) अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवासों के जो शौचालय अवशेष हैं तीन दिन के अंदर निर्माण कराये जाएं। खंड विकास अधिकारियों से कहा कि ग्राम प्रधानों के पास जो शौचालय की धनराशि खाते में है उससे तत्काल निर्माण करायें। जो छुटे हुए लाभार्थी हैं उनका मनरेगा से शौचालय का निर्माण कराया जाये। परियोजना प्रबंधक जल निगम को निर्देश दिये कि एक सप्ताह के अंदर सभी गांवों में पानी पहुॅंचाया जाये और जिलाधिकारी से कहा कि जिन गांवों में पानी पहुॅंच रहा है उसकी जांच जिला स्तरीय अधिकारियों से अवश्य करा लिया जाये कि पानी पहुॅंच रहा है कि नहीं।
गुरुवार को मुख्यालय के लोक निर्माण विभाग डाक बंगले में ग्राम्य विकास व पंचायती राज के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में पंचायती राज से संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें प्रमुख सचिव ने निर्देश दिये कि जो भी कार्य कराये जाएं। उसे शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्ता युक्त होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। एलओबी शौचालय की स्थिति ठीक न होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि शासन की द्वितीय किस्त अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। सभी अधिकारी जो भी कार्य करायें उसमें जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी से स्वीकृति अवश्य लें। शासन से सड़कों के संबंध में जारी किये गये हैं उनको जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को अवगत करायें। किसी भी सड़क पर गढ्ढे नहीं होना चाहिए लगातार इसकी समीक्षा की जा रही है।
जिलाधिकारी शेषमणि पाण्डेय ने बताया कि जल संस्थान में धनराशि के अभाव के कारण पेयजल योजनाओं को संचालन करने में समस्या हो रही है इसमें धनराशि दिलायी जाये। बरगढ़ मऊ पेयजल योजना पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान दिशा निर्देश दिये गये थे लेकिन जल निगम द्वारा अभी तक सभी गांवों में पानी नहीं पहुंचाया गया। इस पर प्रमुख सचिव ने परियोजना प्रबंधक जल निगम को निर्देश दिये कि एक सप्ताह के अंदर सभी गांवों में पानी पहुॅंचाया जाये उन्होंने मनरेगा के कार्यों, पेयजल योजनाओं, आवासों आदि विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा महेन्द्र कुमार, उप जिलाधिकारी कर्वी अश्विनी कुमार पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी आरके त्रिपाठी, परियोजना निदेशक अनय कुमार मिश्रा,डीसी एनआरएलएम. राम उदरेज यादव, उप निदेशक पंचायत बांदा दिनेश सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इसके पूर्व प्रमुख सचिव ने शहर के शंकर बाजार स्थित दृष्टि संस्था के दृष्टिहीन आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां छात्राओं से बातचीत की और इस स्कूल के संचालन में हर तरह का सहयोग करने का आश्वासन दिया।