विशेष सचिव बाल विकास पुष्टाहार डिंपल वर्मा ने सोमवार को डाक बंगले में चित्रकूटधाम मंडल के डीपीओ के साथ बैठक की। महोबा व हमीरपुर में हौसला पोषण योजना में लापरवाही मिलने पर उन्होंने वहां के डीपीओ को फटकार लगाई। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का पोषण ढुलान का बकाया जल्द देने को कहा।
विशेष सचिव ने पहले भगवान कामतानाथ मंदिर में माथा टेका। इसके बाद दोपहर दो बजे से डाक बंगले में मंडल के सभी डीपीओ के कामोें की समीक्षा की। महोबा व हमीरपुर जिले के डीपीओ के कार्यों से असंतुष्ट होकर कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से सरकार की योजना का लाभ पात्रों तक समय से नहीं पहुंच रहा है। इस पर ध्यान देकर काम करें अन्यथा कड़ी कार्रवाई होगी।
विशेष सचिव ने कहा कि हौसला पोषण योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही न की जाए। अब आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मांग मुख्यमंत्री ने पूरी कर दी है। ऐसे में उनके सहयोग से हर क्षेत्र में योजना को गति दी जाए। इस मौके पर चित्रकूट डीपीओ सीमांत श्रीवास्तव, बांदा की इशरत जहां, महोबा के रामेश्वर प्रसाद और हमीरपुर डीपीओ पीडी विश्वकर्मा मौजूद रहे।