स्कूली बच्चों से भरी मैजिक अनियंत्रित होकर टूटी पुलिया के पास पलट गई। जिसमें दर्जन भर छात्र मामूली रूप से घायल हुए। घटना होते ही चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायल बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी बच्चों की हालत सामान्य बताई गई है।
रैपुरा थानाक्षेत्र के घुरहेटा स्थित एक स्कूल की शुक्रवार की दोपहर छुट्टी होने के बाद कक्षा एक से लेकर पांच तक के 15 बच्चों को लेकर मैजिक घर छोड़ने जा रही थी। बोडीपोखरी-राजापुर मार्ग पर टूटी पुलिया के पास मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे सभी बच्चे रोने-चिल्लाने लगे।
चालक के भाग जाने के बाद स्थानीय लोगाें की सूचना पर थानाध्यक्ष श्रवण सिंह पहुंचे और 108 एंबुलेंस से सभी बच्चों को जिला अस्पताल भेजा। जिसमें सत्यम केशरवानी, मो. शानू, राज दुबे, प्रिंस दुबे, भूपेन्द्र, पायल, संदीप, रज्जू, सूरज, सुधीर, मुकेश, वीर सिंह, साजिद, मुबीन, हर्षनारायण निवासीगण बांधी का चिकित्सकों ने इलाज कर घर भेज दिया।
सीएमएस डा. एनके गुप्ता ने बताया कि सभी बच्चों की हालत सामान्य है। स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधीर मिश्रा ने बताया कि कच्ची सड़क पर मिट्टी पड़ी होने से हादसा हुआ। चालक को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई गई है। सभी बच्चों की हालत ठीक है।
पानी में डूबे रहे भाई
मैजिक पलटते ही सगे भाई प्रिंस व राज दुबे घटनास्थल के पास एक गड्ढे में भरे पानी में काफी देर तक डूबे रहे। 108 एंबुलेंस के एमटी पंकज पटेल ने बताया कि सबसे पहले दोनों को ही बाहर निकाला गया। ज्यादा देर होने पर बड़ी घटना हो सकती थी।