जिला अस्पताल में मरीजों को मिली बड़ी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन चालू होने से मरीजों ने राहत की सांस ली है। अब उन्हें जांच के लिए प्राइवेट सेंटरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और रुपये दोनों की बचत होगी।
शुक्रवार को इंजीनियर ने मशीन की खराबी दूर कर उसे टेस्ट किया और कुछ मरीजों का सीटी स्कैन कराया। शनिवार सुबह से ही जांच कराने वालों की भीड़ लग गई। दोपहर दो बजे तक करीब 50 मरीजों का स्कैन हो चुका था। मरीज सुशील कुमार और सुनीता देवी ने बताया कि तीन दिन पहले सिर में चोट के बाद डॉक्टर ने सीटी स्कैन लिखा था, लेकिन मशीन खराब होने से लौटना पड़ा। अब जांच शुरू होने पर उन्हें सुविधा मिली है। विदित हो कि 13 सितंबर को मशीन की एक्सरे ट्यूब खराब हो गई थी। इससे प्रतिदिन 50 से 60 मरीजों को लौटना पड़ रहा था और मजबूरी में उन्हें प्राइवेट सेंटरों में जांच करानी पड़ी।