मऊ (चित्रकूट)। शादी के दिन फेरे से पहले प्रेमी संग भागी युवती को अपना मुकाम मिल गया। कानूनी रूप से अनुमति मिलने के बाद बृहस्पतिवार को प्रेमी युगल की थाना परिसर में पुलिस की मौजूदगी में शादी हो गई। इस दौरान दोनों के परिवार के लोग भी मौजूद रहे। दोनों अलग-अलग बिरादरी के हैं।
मवईखुर्द गांव की शकुंतला का विवाह 29 मई को होना था। शाम को सुरौंधा गांव से दूल्हा बरात लेकर पहुंचा था। फेरे से पहले वह पड़ोसी गांव तेंदुआ माफी के छोटटन उर्फ रामकेश पटेल के साथ चली गई थी। तब बरात लौट गई थी।
इसके बाद मामला थाने पहुंचा था। पुलिस ने दुल्हन को उसके प्रेमी के साथ पकड़ा और एसडीएम कोर्ट में पेश किया। थाना प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट में दोनों के बयान हुए। दोनों की रजामंदी के बाद बृहस्पतिवार को दोनों के परिजनों को थाने बुलाया गया। इसके बाद परिजनों की रजामंदी से ही थाना परिसर के मंदिर में शादी कर दी।