चित्रकूट। शहर के पुरानी बाजार में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। अचानक मारपीट के दौरान दोनों ओर से एक घंटे तक पथराव हुआ जिससे अफरातफरी रही। मारपीट व पथराव में चार लोग घायल हुए है। आसपास के दुकानदार दुकानें बंदकर भाग गए और वहीं घरों के लोग दरवाजे खिड़की बंद कर अंदर दुबक गए। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और दोनों पक्ष के आरोपियों को पकड़कर कोतवाली ले गई।
शहर के उटारखाना से लेकर गोला बाजार और पुरानी बाजार चौक के बीच शुक्रवार की देर शाम दो पक्षों के बीच एक सरकारी कर्मचारी के परिवार के लड़के व लड़की के साथ अभद्रता करना विवाद का रूप बन गया। कुछ ही देर बाद दो पक्षों के बीच डंडे चटकने लगे। दोनों ओर से पथराव होने लगे जिससे आसपास के लोग भागने लगे। इस दौरान कई को चोट आईं। सूचना मिलते ही कोतवाल अनिल सिंह मय फोर्स पहुंचे। पुलिस को देखते ही कई आरोपी भाग निकले। मौके से पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर कुछ युवकों को पकड़ा। मारपीट में पूर्व सभासद मो. वारिस घायल हो गए। कुछ ही देर बाद पुलिस ने पूरी स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
कोतवाली में पुरानी बाजार निवासी हिना कौशर ने उटारखाना निवासी शाहरूख, उबैद, गुड्डू, आसिफ, भोलू, इसहाक, सोहेल, मुकर्रबीन, शहनवाज, लाला, इरफान व शानू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके पूर्व हुए विवाद में स्थानीय नेहा पुत्री जिलेपाल ने उटारखाना निवासी इदरीश के खिलाफ मारपीट व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि ज्यादातर आरोपियों को पकड़ा गया है।
दरोगा की पत्नी का नोटों भरा बैग चोरी, मचा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। शहर के बस स्टैंड पर रोडवेज बस से उतरी दरोगा की पत्नी ने बताया कि उसका लगभग 30 हजार रुपये से भरा बैग किसी ने पार कर दिया है। मामला पुलिस विभाग से जुड़ा होने के कारण तत्काल भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज से चोर को जानने का प्रयास शुरू हुआ लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रोडवेज बस में ही बैग चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
नई दिल्ली के आयानगर निवासी वंदना द्विवेदी ने बताया कि उसके पति अजय द्विवेदी प्रयागराज जिले में दरोगा हैं। वह अपनी रिश्तेदार के साथ प्रयागराज से बांदा जा रही थी। जैसे ही बस चित्रकूट बसस्टेशन पहुंची तो वह बस बदलने के लिए नीचे उतरीं। तभी उसेपता चला कि उसका एक बैग नहीं है। मौके पर मौजूद ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों ने कोतवाली में जानकारी दी। दरोगा की पत्नी का नोटों भरा बैग चोरी होने से पुलिस एक्शन में आ गई। आसपास की दुकानों से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। पीड़िता ने बताया कि उसके बैग में लगभग 30 हजार रुपये नगद व जरूरी कागजात थे। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि पूरी संभावना है कि बस में ही बैग छूटा हो या फिर बस में कोई बैग लिया हो। सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची तो संबंधित बस जा चुकी थी। रोडवेज विभाग के अधिकारियों को बस के बांदा पहुंचने पर इसकी जांच पड़ताल करने को कहा गया है।