चित्रकूट। शहर के शंकर बाजार स्थित गल्ला मंडी परिसर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। एक ही रात में पांच दुकानों के ताले तोडक़र कई सामग्री, 50 बोरी सरसों और दस हजार रुपये पार कर दिए। इसके एक सप्ताह पूर्व भी परिसर में तीन दुकानों के ताले टूटे थे। इसे लेकर व्यापारियों में गहरा आक्र्रोश है।
गल्ला व्यापारी रामजी अग्रहरि, रामकृष्ण गुप्ता, लालू की दुकानों के ताले शनिवार की सुबह टूटे मिले। पल्लेदारों से मिली जानकारी पर दुकानदार मौके पर पहुंचे तो दुकानों के अंदर तिजोरी के ताले तोड़कर लगभग दस हजार रुपये, कई अन्य सामग्री के अलावा 50 बोरी सरसों गायब मिली। अन्य दो दुकानों से कोई खास सामग्री की चोरी नहीं हुई सिर्फ मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले।
इसी बीच गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व महामंत्री गुलाब गुप्ता पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। कोतवाली पुलिस टीम निरीक्षण करने पहुंची लेकिन अभी तक चोरों का कुछ पता नहीं चला है। बताया कि एक सप्ताह पूर्व इसी परिसर में रामनिवास, कौशल किशोर केसरवानी व कुंज बिहारी की दुकानों के ताले तोड़े गए थे। इनकी दुकानों से लगभग 25 हजार रुपये का माल गायब हुआ था। लगातार चोरी की घटनाओं के बढने पर व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने कोतवाली में तहरीर देकर चोरी का खुलासा कराने की मांग की है।
मंडी सचिव व प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत से होती चोरी
आक्रोशित व्यापारियों ने मंडी सचिव व परिसर में तैनात प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों पर मिलीभगत कर चोरी कराने के आरोप लगाए। कहा कि कई बार रात में परिसर की ध्वस्त रोड लाइट सही कराने की मांग की गई, लेकिन ठीक नहीं हुई। रोडलाइट ठीक इसलिए नहीं करवाई जा रही है कि प्राइवेट सुरक्षाकर्मी मंडी सचिव के इशारे पर मनमानी कर सकें। कई बार मंडी सचिव से कहा गया कि रात में नियमित पुलिस गश्त के लिए पत्र लिखें, लेकिन वे आनाकानी करते हैं। मामले की जांच होनी चाहिए। गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व महामंत्री गुलाब गुप्ता के नेतृत्व में गल्ला व्यापारियों ने कोतवाली परिसर में प्रदर्शन किया। चोरी का खुलासा कराने के साथ ही मंडी सचिव व प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ भी साजिश में शामिल होने की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। शिवमंगल सिंह, राकेश मिश्रा, रामनारायण, श्यामलाल, रमेश चंद्र्र, बद्री प्रसाद, सीताराम चंदेल, अजय सिंह, महेश सिंह आदि मौजूद रहे। कोतवाल दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मंडी सचिव व व्यापारियों के बीच वार्ता कराई गई है। दोनों से पूछताछ जारी है। सचिव ने चोरी में मिलीभगत के आरोपों को गलत बताया है।