संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जेल में विधायक अब्बास अंसारी से गैरकानूनी तरीके से उसकी पत्नी निखत बानो को मिलाने में मदद के आरोपी सपा नेता फराज खान के घर को गिराने का नोटिस विकास प्राधिकरण ने जारी किया है। नोटिस में 24 घंटे के अंदर स्वत: अवैध निर्माण गिराने की बात कही है। अन्यथा प्रशासन बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर देगा।
शनिवार को चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की सचिव/एडीएम वंदिता श्रीवास्तव के हस्ताक्षर युक्त नोटिस लेकर प्राधिकरण विभाग के दो कर्मचारी सपा नेता के घर पहुंचे। शहर के पुरानी बाजार हाईवे किनारे स्थित सपा नेता फराज खान के पिता मुन्ने खां के नाम जारी नोटिस में बताया गया कि मुख्य मार्ग से निर्धारित 35 फीट छोड़कर तीन दुकानें स्वीकृत कराई गई थीं, लेकिन निरीक्षण में पाया गया कि चार फीट अतिरिक्त निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त स्वीकृत मानचित्र पर दर्शाए गए सेटबैक को कवर करते हुए निर्माण कराया गया है, जो अवैध है। नोटिस में कहा गया कि 24 घंटे के अंदर इस अवैध निर्माण को वह स्वत: हटवाकर सूचित करें अन्यथा प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया जाएगा।