मऊ। बरगढ़ थाना अंतर्गत कलचिहा गांव में सोमवार की सुबह गली किनारे नवजात के रोने की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। राहगीर झाड़ियों के पास पहुंचे तो एक बोरी में बंद नवजात मिला। सूचना पर यूपी 112 टीम पहुंची।
नवजात जीवित होने पर उसे मऊ सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी अधीक्षक डा. शेखर वैश्य ने उसका इलाज किया गया। बताया गया कि नवजात के मामूली चोट है। इसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। संभावना है कि किसी ने लोकलाज के भय से बोरे में भरकर झाड़ियों के बीच में रखा था। सीएचसी प्रभारी के अनुसार नवजात एक या दो दिन का है। इस संबंध में जिला प्रोवेशन अधिकारी रामबाबू विश्वकर्मा ने बताया कि नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद बाल कल्याण समिति के सदस्य जाकर हालचाल लेंगे फिर वैधानिक कार्रवाई कर इसे शिशु गृह प्रयागराज भेजा जाएगा। इधर स्थानीय कई लोगों ने नवजात को गोद लेने के लिए पुलिस से सिफारिश भी की है।