फोटो- 06सीकेटीपी 08 कर्वी-देवांगना घाटी मार्ग पर लगाई जाती स्ट्रीट लाइटें। संवाद
चित्रकूट। शहर के पटेल तिराहा से देवांगना घाटी मार्ग पर अब अंधेरा नहीं रहेगा। यह मार्ग बिजली की रोशनी से जगमग नजर आएगा। इसके लिए वहां पर स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू हो गया है, जिससे राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
करीब सात किमी लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण कार्य प्रगति पर है। जहां सड़क चौड़ी हो चुकी है और डिवाइडर बन गया है, वहां आकर्षक स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। यह कार्य कलक्ट्रेट व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास शुरू हो चुका है। सड़क के दोनों ओर और डिवाइडर पर भी लाइटें लग रही हैं, जिससे रात में मार्ग चमचमाता नजर आएगा।
लोनिवि के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह ने बताया कि मार्ग प्रकाश व्यवस्था के तहत यह काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि लाइटें लगने के बाद राहगीरों को आवागमन में आसानी होगी। यह पहल रात के समय मार्ग को पूरी तरह रोशन कर देगी।
पैदल व साइकिल सवारों को लाभ
कर्वी से देवांगना घाटी सड़क पर लाइटें लगने से राहगीरों को बहुत आराम मिलेगा। इसका सबसे अधिक फायदा पैदल चलने वाले और साइकिल सवारों को होगा। जो अभी अंधेरे में आवागमन करते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं, उन्हें इससे राहत मिलेगी। यह पहल उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करेगी। इससे रात के वक्त दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।