चित्रकूट। जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा ने मंगलवार को तीन विकास खंडों में फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्रों का जायजा किया। अनियमितता मिलने पर तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए, जबकि एक दुकानदार को नोटिस दिया गया।
विज्ञापन
कृषि विभाग की टीम ने मानिकपुर, मऊ और रामनगर ब्लॉक में फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्रों पर छापा डाला। मानिकपुर के भौरी स्थित मेसर्स डीसीडीएफ में डीएपी के साथ नैनो यूरिया व नैनो डीएपी की टैगिंग की जा रही थी। मऊ के खंडेहा स्थित मिश्रा खाद बीज भंडार में अधिक दर पर बिक्री, अपूर्ण अभिलेख और स्टॉक बोर्ड न लगा होना पाया गया। इसी गांव के शिवमंदिर खाद बीज भंडार में भी अभिलेख अपूर्ण मिले और स्टॉक बोर्ड नहीं लगा था। तीनों फुटकर उर्वरक बिक्री केंद्रों के लाइसेंस निलंबित किए गए। रामनगर के पांडेय खाद बीज भंडार को स्टॉक बोर्ड न लगाने पर नोटिस दिया गया।