दैवीय आपदा से त्रस्त किसान अब लेखपालों के सर्वे में लापरवाही बरतने से नाराज हैं। मऊ ब्लाक के कई गांवों के किसानों ने सोमवार को तहसीलदार का घेराव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि लेखपाल घर में बैठकर खानापूरी कर रहे हैं।
मोहिनी, पुरा, जोरवारा, पिपरौंद, सुरौंधा, ददरी, मोहिनी आदि गांवों के किसान सोमवार को तहसील पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार कतवारू राम से कहा कि फसलों को हुए नुकसान के सर्वे में लेखपाल लापरवाही और संवेदनहीनता बरत रहे हैं। ज्यादातर गांवों में लेखपाल मौके पर नहीं जा रहे।
इंद्रेश कुमार, उमेश कुमार, रमेश चंद्र, सुशील चंद्र, पप्पू आदि ने कहा कि ऐसे में उन्हें कैसे उचित मुआवजा मिलेगा। इस पर तहसीलदार कतवारू राम ने फोन पर एक लेखपाल से बात की तो जवाब मिला कि वह आज नहीं आ सकता। बाद में तहसीलदार ने किसानों को समझाया और आश्वासन दिया कि नुकसान का सही आंकलन कराया जाएगा। लापरवाही पर लेखपालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
किसानों ने तहसीलदार को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी दिया। इसमें खेतों के नुकसान का सही आंकलन करने, प्रत्येक गाटे का सर्वे, पंद्रह हजार प्रति बीघा के हिसाब से मुआवजा, 14 माह तक अंत्योदय कार्ड से अनाज, ट्यूबवेल धारक को फ्री बिजली, पिछला बिल माफ करने, प्रत्येक परिवार के बच्चे को उच्च शिक्षा के लिए 14 माह तक नि:शुल्क व्यवस्था, केसीसी के तहत ऋण माफ करने आदि मांगें शामिल हैं।