राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांस से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग ढाई घंटा तक आवागमन ठप रहा।
बुधवार देर शाम चित्रवार गांव से आ रहा बांसों भरा ट्रैक्टर लालता रोड के पास पलट गया। उस पर सवार मजदूर हीरालाल (45) (हटवा) की ट्रैक्टर में दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर में भरे बांस राष्ट्रीय राजमार्ग पर फैल जाने से सड़क अवरुद्ध हो गई और वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम लगने की खबर मिलते ही एसडीएम एके श्रीवास्तव, सीओ अजय कुलश्रेष्ठ और कोतवाली एसआई राजेश मिश्रा घटनास्थल पहुंच गए।
जेसीबी मशीन की मदद से राजमार्ग पर फैले बांस हटवाने के बाद लगभग ढाई घंटे बाद राजमार्ग पर यातायात बहाल हुआ। उधर, मृतक मजदूर का शव पुलिस ने पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।