चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें सख्त निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध खनन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए। खनन कार्य की एडीएम लगातार समीक्षा करें।
बुधवार को जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्र में खनन कार्य होना चाहिए। खनन पट्टा क्षेत्र में वाहनों में उप खनिजों की लोडिंग निर्धारित मानक के अनुसार ही हो। खनन पट्टा क्षेत्र में 360 डिग्री दृश्यता वाली सीसीटीवी कैमरा का सुचारू रूप से संचालन जिसे कम से कम 30 दिन तक उसकी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखना होगा। खनन पट्टा क्षेत्र में नियमानुसार मशीन का प्रयोग, पट्टा क्षेत्र से उप खनिजों के परिवहन मार्ग में धूल व गड्ढों से बचाव, पट्टा क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी मजदूरों की सुरक्षा पर भी ध्यान देना होगा।
जिलाधिकारी ने जिला खनिज अधिकारी को निर्देश दिए कि जो शासन से दिशा-निर्देश के अनुसार पट्टा खदानों का संचालन कराया जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी से कहा कि समीक्षा लगातार करते रहें। कहीं पर भी अवैध खनन नहीं होना चाहिए। विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए ओवरलोडिंग पर पुलिस राजस्व तथा परिवहन के अधिकारियों की टीम गठित कर कार्रवाई करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, अपर उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, जिला खनिज अधिकारी सन्नी कौशल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।