गमगीन बैठे खलासी अंकित के परिजन।
- फोटो : CHITRAKUTT
भरतकूप(चित्रकूट)। थाना अंतर्गत भरतकूप कस्बा स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर बुधवार रात को घने कोहरे के चलते दो डंपरों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक डंपर के खलासी की मौत हो गई और एक चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भरतकूप निवासी डंपर चालक करण कोल बुधवार रात को करीब साढ़े दस बजे परिचालक संजय के साथ कस्बा स्थित क्रशर मशीन से गिट्टी लेने जा रहा था। वह बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से गुजर रहा था कि तभी गोंडा मोड़ की ओर से चले आ रहे एक अन्य गिट्टी लदे डंपर की कोहरे के चलते करण के डंपर से भिड़ंत हो गई।
हादसे में दूसरे डंपर के परिचालक अंकित यादव (22) निवासी बरूई मजरा पहरा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि डंपर में बैठे जितेंद्र निवासी गोंडा, करण कोल व संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। थानाध्यक्ष संजय उपाध्याय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।