मानिकपुर (चित्रकूट)। पहाड़ों से उतरे तेज बारिश के पानी और डोडा माफी बांध के ओवरफ्लो होने से कारी बराह नदी ने रौद्र रूप ले लिया है।
मानिकपुर-सतना मुख्य मार्ग पर मरकुंडी-टिकरिया के बीच कारी बराह नाले में बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है और पुल के बगल से सड़क बह गई है। पुल टूटने से मानिकपुर-सतना मुख्य मार्ग से होने वाला आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
आसपास के गांवों के ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के प्रदीप शुक्ला व बृजेश ने प्रशासन से जल्द मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था करने और मार्ग बहाल कराने की मांग की है।
-
मारकुंडी क्षेत्र की बिजली गुल
मानिकपुर। बाढ़ के चलते विद्युत विभाग ने एहतियात के तौर पर मारकुंडी फीडर की सप्लाई बंद कर दी है। जेई प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि बारिश और बाढ़ से मारकुंडी क्षेत्र के कई गांव प्रभावित हैं। कई जगह विद्युत पोल टूट गए हैं और तार गिर गए हैं। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए फीडर की आपूर्ति फिलहाल बंद की गई है। इससे 50 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई है।
-
डोडा माफी बांध का पानी गांवों में घुसा, बांध टूटने का डर
मानिकपुर (चित्रकूट)। मारकुंडी थाना क्षेत्र में स्थित टिकारिया डोडा माफी बांध ओवरफ्लो हो गया है। बांध का पानी आसपास के गांवों में भर रहा है, इससे मझलोवा, अहिरनपुरवा, चौकीपुरवा, खास गांव और लल्लू का पुरवा गांवों को खाली करा लिया गया है। ग्रामीण अपना सामान लेकर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक बांध में पानी अधिक भरने से पानी बाहर बह रहा है। बांध का एक गेट खोल दिया गया है जबकि दूसरा गेट जाम है और नहीं खुल रहा है। गेट के बगल में छेद हो जाने से पानी का तेजी से रिसाव हो रहा है और मिट्टी का कटान भी शुरू हो गया है। इससे ग्रामीणों में दहशत है कि बांध कभी भी टूट सकता है।
डोडा माफी गांव के विजय विश्वकर्मा, प्रहलाद ने आरोप लगाया कि बांध के गेट कई दिनों से खराब हैं, फिर भी उन्हें ठीक नहीं किया गया। ग्रामीण श्याम सुंदर, राज बहादुर और राजमन ने बताया कि बांध का पानी गांवों में घुस रहा है और मौके पर अधिकारी-कर्मचारी नहीं पहुंच रहे हैं। (संवाद)