चित्रकूट। अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट सुभाष चैलेंज कप में रविवार को दो दिग्गज टीमों के बीच रोचक मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में नागपुर ने झांसी को हरा दिया। सोमवार को नागपुर का बिहार से मुकाबला होगा।
शहर के स्टेडियम में नागपुर ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी की। तेज शुरुआत की पर 50 रन में चार विकेट गिरने के कारण नागपुर के बल्लेबाजों ने धीमी बल्लेबाजी की। इसके बाद अंतिम पांच ओवर में अक्षय के ताबड़तोड़ (83) व मेहुल सिंह (34) रनों की मदद से स्कोर 202 पहुंचाया। कौस्तव ने 37 रन योगदान दिया। झांसी के गेंदबाज प्रशांत यादव, दानिश ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए झांसी के बल्लेबाजों ने काफी संघर्ष किया। टीम आठ विकेट पर 194 रन ही बना सकी। बल्लेबाज मनीष 69, अंकुर 29, सूर्यांश 15, महेश ने 11 रन बनाए। मैन आफ द मैच अक्षय शिंदे रहे। इसके पूर्व मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, विशिष्ट अतिथि सुरेश कुमार पांडेय, वीरेंद्र पांडेय, मोहम्मद नदीम उर्फ शहजादे, अजीत सिंह पटेल एवं क्रीड़ा अधिकारी सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय व टास कराकर किया। दोनों टीम के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।