फोटो 08 सीकेटीपी 27 हैंडबॉल प्रतियोगिता में टीमों के बीच टास करते जिलाधिकारी व मौजूद अन्य। स्
- सब जूनियर बालिका हैंडबाल में खेल रही 14 मंडलों की टीम
- प्रयागराज ने कानपुर को 9-1, झांसी ने चित्रकूट को 9-0 हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट का स्पोर्ट्स स्टेडियम बृहस्पतिवार को बेटियों के जोश और जुनून से गूंज उठा। खेल निदेशालय के सहयोग से सब जूनियर बालिका हैंडबाल प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इसमें प्रदेश के 14 मंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन झांसी और प्रयागराज की टीम का दबदबा रहा।
पहले दिन चार मैच खेले गए। पहले मैच में प्रयागराज ने कानपुर को 9-1 से हराया। दूसरे मैच में झांसी ने मेजबान चित्रकूट को 9-0 से मात दी। तीसरे मैच में आजमगढ़ ने सहारनपुर को 11-1 से रौंदा, जबकि चौथे मुकाबले में वाराणसी ने बस्ती को 12-7 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता से पूर्व मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। डीएम ने कहा कि खेल जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है, खेलने से ही उज्ज्वल भविष्य बनता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों के लिए हर संभव मदद की जाएगी। क्रीड़ाधिकारी अरविंद कुमार सोनकर, जिला क्रीड़ाधिकारी महोबा संदीप गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया। निर्णायक मंडल में प्रेम प्रकाश सिंह, मोहम्मद सिराज, नवनीत सिंह, रणविजय त्रिपाठी, शिवानी शर्मा, मीरा यादव समेत कई अनुभवी निर्णायक शामिल रहे।