फोटो-06सीकेटीपी 11 चोरों द्वारा मंदिर के दरवाजे की काटी गई कुंडी। संवाद
चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़वारा गांव स्थित बाल हनुमान आश्रम से पांच लाख के जेवर चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने आश्रम की रखवाली करने वाले पांच कुत्तों को जहरीला पदार्थ खिलाया। जिससे तीन की मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि चोर आश्रम से भलीभांति परिचित थे। आश्रम में कुत्तों की उन्हें जानकारी थी। रेकी करने के बाद चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर राम दरबार के चांदी के मुकुट, छत्र, ठाकुर के छत्र, लालजी का मुकुट और राधा कृष्ण के मुकुट व छत्र चोरी कर लिए। आश्रम के पुजारी विद्या भूषण ने बताया कि महंत राजनारायण दास ने रात करीब 10 बजे मंदिर बंद किया और सोने चले गए थे। सुबह 4:30 बजे पुजारी ने ताला टूटा देखा और अंदर मूर्तियों से जेवर गायब पाए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एएसपी सत्यपाल सिंह, कोतवाल दुर्ग विजय सिंह और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
मंदिरों में चोरी की घटनाओं का नहीं हुआ खुलासा
चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के भरत मंदिर से चोरों ने गर्भ गृह का ताला तोड़ कर आठ मुकुट चोरी किए थे। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे थे और खुलासा के निर्देश दिए थे लेकिन अभी तक चोरों के बारे में पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। इसी तरह पहाड़ी थाना क्षेत्र के परसौंजा गांव के अकेलवा स्थित मंदिर में चोरों ने ताला तोड़ कर लाखों के जेवर पार कर दिया था, महीना बीतने को है लेकिन चोरों को कोई अता-पता नहीं है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
बोले जिम्मेदार
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुट गई है। चोरी में किसी बड़े गैंग की भी आशंका जताई जा रही है। कुछ दिन पहले भी परसौंजा गांव स्थित मंदिर में भी इसी तरह चोरी हुई थी। चोरों को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
फोटो-06सीकेटीपी 11 चोरों द्वारा मंदिर के दरवाजे की काटी गई कुंडी। संवाद
फोटो-06सीकेटीपी 11 चोरों द्वारा मंदिर के दरवाजे की काटी गई कुंडी। संवाद