राजापुर। थाना अंतर्गत सगवारा गांव में घर में चोर जमीन में दबाकर रखे गए बक्से को निकालकर सोने-चांदी के जेवरात सहित दो हजार रुपये लेकर भाग निकले। गृहस्वामी का दावा है कि 16 लाख से अधिक की चोरी हुई है।
सगवारा निवासी कामता प्रसाद पांडेय ने बताया कि शनिवार की रात को चोर घर में घुसकर जमीन में गड़े रखे बक्से को निकालकर सोने-चांदी के जेवरात पार कर गए। बताया कि लगभग बक्से में 15 तोले सोने के जेवर व एक किलो चांदी के गहने थे। पीड़ित ने बताया कि वह गुजरात शहर में सिक्योरिटी गार्ड की एजेंसी चलाता है।
घटना के दो दिन पहले सूरत से चला था। जब सतना शहर में पहुंचा था, उसी दौरान रविवार की सुबह पत्नी ने फोन कर घटना की जानकारी दी। उधर, ग्रामीणों का कहना कि आए दिन घटनाएं हो रही है। जबकि पुलिस अफवाह बता रही है। थानाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि अभी इस मामले की तहरीर नहीं मिली है। कितने की चोरी हुई है इसकी जानकारी की जा रही है। जिस अंदाज में घटना बताई जा रही है उससे तो साफ है कि कोई करीबी या गांव का ही व्यक्ति घटना में शामिल है।
ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की
दहशतजदा ग्रामीण करीब एक महीने से गांवों में बदमाशों की चहलकदमी की बात कह रहे हैं । सगवारा के कई ग्रामीणों का कहना कि चोर ड्रोन का इस्तेमाल भी कर रहे हैं। इसकी जानकारी कई बार पुलिस काे दी गई। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है। कुछ दिन पहले राजापुर क्षेत्र में कार के साथ चोर पकड़े गए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि लगातार ग्रामीण क्षेत्र में भी गश्त बढ़ाई गई है। ड्रोन की अफवाह फैलाई गई है। इससे ग्रामीण सतर्क रहें और पुलिस सूचना दें।