पहाड़ी (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने विद्युत कनेक्शन व बकाये की जांच करने पहुंची चेकिंग टीम के अवर अभियंता पर घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक गांव की नाबालिग बालिका ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को विद्युत विभाग की पांच सदस्यीय जांच टीम घर के पास पहुंची। किशोरी ने घर में किसी सदस्य के न होने की बात कही, पर जेई समेत तीन सदस्य घर में घुसे। दो सदस्य कनेक्शन की जांच करने लगे।
इसी बीच जेई उसे दूसरे कमरे में ले जाकर छेड़खानी करने लगा और दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के चिल्लाने पर पड़ोस में मौजूद छोटी बहन मौके पर पहुंची और बचाने का प्रयास किया तो जेई ने धक्का मारकर गिरा दिया। आरोप है कि किशोरी ने जेई को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने बाल पकड़कर गिरा दिया और भाग निकला।
परिजनों ने थाने में मामले की तहरीर दी है। दरोगा टीकाराम वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उधर, जेई ने आरोपों को गलत बताया है। कहा कि चेकिंग के दौरान विद्युत चोरी छिपाने को ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं। शनिवार को विभाग के सभी जेई शहर के पटेल तिराहे के पास एकत्र हुए और तहरीर को गलत बताते हुए अफसरों को जानकारी दी है। जिस जेई पर आरोप लगा है उसके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं।