केंद्रीय वन और पर्यावरण मंत्री व मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि स्वयं सहायता समूह बनाकर महिलाओं, किसानों आदि को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पथरा पालदेव गांव को आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। गौरतलब है कि आदर्श सांसद ग्राम योजना के तहत उन्होंने सतना का पालदेव गांव गोद ले रखा है। वह गुरुवार को संपर्क क्रांति से चित्रकूट पहुंचे। यहां से वह सीधे एमपी की सीमा में स्थित सियाराम कुटीर गए।
इसके बाद जुगुलपुर गांव में पालदेव पंचायत के पांच-छह विद्यालयों के टीचरों के साथ बैठक की। यहां पर उन्होंने शिक्षा के उन्नयन पर चर्चा के साथ पौसलहा विद्यालय को जुगुलपुर में ही अटैच करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पौसलहा में बैठक कर लोगों को स्वयं सहायता समूह बनाने की सलाह दी।
कहा, बाजार उपलब्ध कराना सरकार का काम है। श्री जावड़ेकर ने वन चौकी में भी चौपाल लगाई। बताया कि अपनी निधि से इस गांव के विकास के लिए उन्होंने 25 लाख रुपये दिए हैं और आगे भी यहां बिजली-पानी की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।