कानपुर। कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में घंटाघर चौराहे पर शनिवार देर शाम जलकल कर्मी विजयनगर निवासी जगदेव (55) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि उनके मुंह से खून निकल रहा था। मूलरूप से बांदा के थाना जसपुरा के ग्राम पगडौरी डेरा निवासी जगदेव के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह हूलागंज स्थित पानी की टंकी पर कार्यरत थे। परिवार में पत्नी दुलारी व तीन बच्चे पिंटू, गुड्डन व सुनीता हैं। ड्यूटी पूरी करके शाम पांच बजे घंटाघर चौराहे पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि वह ई-रिक्शे में बैठने जा रहे थे तभी सड़क पर अचानक गिर गए। उनके मुंह से खून निकलने लगा। लोगों में जहरखुरानी का शिकार होने की चर्चा रही। कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। (संवाद)