ग्राम पंचायत चंद्रगहना की सड़क खराब होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सालों पहले इसे बनाया गया था और इसके बाद ध्यान नहीं दिया गया। जनप्रतिनिधियों से इस संबंध में कहा गया पर कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रधान ने बताया कि उन्होंने लिखापढ़ी की पर कोई फायदा नहीं हुआ।
ग्रामीण लालचंद्र, राजकुमारी, राजबहादुर, लवलेश, कमलेश, गौरेंद्र, राजेश, बबलू आदि ने बताया कि गांव की रोड में जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन में परेशानी होती है। यह पूरी तरह से उखड़ गई है। एनएच से इसकी दूरी लगभग सवा दो किमी है। इसके चलते एनएच तक पहुंचने में लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। यहीं से बच्चों को स्कूल आना जाना पड़ता है। जलभराव के चलते हादसे की भी आशंका रहती है।
आसपास के गांव मजरों में जाने में भी असुविधा होती है। अक्सर वाहन गिरने से लोग चुटहिल हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने जनप्रतिनिधियों का भी ध्यान आकृष्ट कराया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उधर, इस संबंध में प्रधान बुद्धमती ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभाग को पत्र भेजा लेकिन समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।