राजापुर/सरधुआ (चित्रकूट)। ट्रैक्टर पर लादते समय टेंट का हाईटेंशन तार से टकरा गया। इससे करंट से झुलसकर एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर है।
राजापुर थाना क्षेत्र महुआ गांव निवासी शिक्षक सर्वजीत सिंह का नया मकान बना है। शनिवार को श्रीराम चरित मानस अखंड पाठ और गृह प्रवेश का कार्यक्रम चल रहा था। इसमें शामिल होने शंकरगढ़ प्रयागराज से साला मोहित सिंह भी आया था।
कार्यक्रम के बाद रविवार की सुबह ट्रैक्टर में टेंट का सामान लादते समय लोहे की पाइप हाईटेंशन तार से टकरा गई। इससे मोहित सिंह उर्फ चंदन सिंह (35) की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बगल में मौजूद महुआ निवासी लव सिंह (42) गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने लव सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है।