चित्रकूट। बुंदेलखंड में मुंबई की फिल्म जगत की हस्तियों के समागम और यहां की कला संस्कृति को मंच प्रदान करने वाले खजुराहो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का छठा आयोजन 17 से 23 दिसंबर तक खजुराहो में किया जाएगा। इसमें जनपद समेत बुंदेलखंड की लघु फिल्मों का प्रदर्शन होगा।
महोत्सव के बुंदेलखंड यूपी प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि इसमें अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत, इरफान खान व ऋषि कपूर समेत एक दर्जन फिल्मी हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। संयोजक व बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यह महोत्सव बुंदेली प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही बॉलीवुड हस्तियों का खजुराहो में जमावड़ा लगवाता है। फिल्मों का प्रदर्शन टपरा टाकीज के साथ-साथ वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर भी किया जाएगा।
कोविड एवं राष्ट्र प्रेम विषय पर आधारित लघु फिल्म, फीचर फिल्म, एनीमेशन फिल्म, गीत, वीडियो व वृत्तचित्र का प्रदर्शन वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। प्रदर्शनी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही बुंदेलखंड की अधिकाधिक प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।