फोटो 21 सीकेटीपी 17 देव कुमार की फाइल फोटो।
मानिकपुर (चित्रकूट)। छेरिहा-मारकुंडी मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल पंचायत मित्र देव कुमार की मध्यप्रदेश के सतना में इलाज के दौरान मौत हो गई।
सोमवार को अंतिम संस्कार में साथी कर्मचारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की। उधर, ब्लॉक कार्यालय में कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
छेरिया खुर्द निवासी दिव्यांग छंगा यादव (46) अपनी ट्राईसाइकिल बाइक से गांव के ही दोस्त पंचायत मित्र देव कुमार (40) के साथ मारकुंडी बाजार जा रहा था। टीपू कोलान-सतना मार्ग पर सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। गंभीर हालत में देव कुमार को सतना अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि पंचायत मित्र को नौ माह से मानदेय नहीं मिला था, जिससे परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसकी पत्नी चंदावती और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)