तालाब का निरीक्षण करते मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह।
- फोटो : संवाद
चित्रकूट। प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को ददरी तालाब का निरीक्षण किया। अचानक कैबिनेट मंत्री के पहुंचने की कई अधिकारियों को भनक तक नहीं लगी। कैबिनेट मंत्री ने तालाब को बहुपयोगी बनाने पर जोर दिया। चेतावनी दी कि बजट के अनुसार काम पूरा नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई होगी।
आगरा जाते समय कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव का काफिला कर्वी के आगे शिवरामपुर मार्ग पर जैसे ही वह पहुंचे तो डीसीबी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता व अन्य कार्यकर्ता मिले। मंत्री का फूल माला से स्वागत किया। इसके बाद मंत्री अचानक ददरी तालाब का निरीक्षण करने पहुंच गए। अटल भूजल योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ददरी तालाब पहुंचे तो लगभग आधे घंटे तक चारों ओर कराए गए काम का निरीक्षण किया। कई जगह काम अधूरा व मानक के अनुरूप न मिलने पर नाराजगी जताई।
उधर, मंत्री के अचानक तालाब के पास पहुंचने की भनक लघु सिंचाई विभाग समेत अन्य अधिकारियों को नहीं लगी। जानकारी मिलते ही कई अधिकारी मौके पर पहुंचे तो मंत्री ने मानक के अनुरूप निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। कहा कि काम अभी अधूरा है। इसे योजना के अनुसार पूरा करें किसी तरह की लापरवाही न हो ताकि किसानों को इस तालाब का लाभ मिल सके।