बैंक से कर्ज लेने वाले एक किसान का हार्ट फेल होने
से मौत हो गई। उसके पुत्र ने थाना बरगढ़ में तहरीर देकर शाखा प्रबंधक पर
पिता को बकाया वसूली के लिए धमकाने का आरोप लगाया है।
कलचिहा
निवासी संदीप कुमार ने बताया कि उसके पिता गिरजा शंकर (50) पुत्र रामखेलावन
ने इलाहाबाद बैंक की बरगढ़ शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण लिया था।
अभी इसमें 1,89225 रुपये बकाया था। संदीप का कहना है कि जब भी पिता बैंक
जाते तो शाखा प्रबंधक जल्द से जल्द पैसा जमा करने और ऐसा न होने पर जमीन
कुर्क कर जेल भेजने की धमकी देते थे।
बताया कि 19 फरवरी को पुलिस
ने एक नोटिस तामील कराई थी। इसके बाद से वे परेशान थे। रात में बेचैन होकर
उठकर बैठ जाते थे। आरोप है कि बुधवार को उसके पिता नोटिस पढ़ रहे थे। अचानक
चक्कर आ गया। उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। कुछ देर बाद
मौत हो गई।
आरोप लगाया कि सदमे से उनका हार्ट फेल हुआ है। शाखा प्रबंधक के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
बैंक
स्तर से कोई वसूली नहीं की गई। मामला 2003-04 का है। केएसवाई योजना के तहत
इसने 24 अगस्त 2004 को डेढ़ लाख का लोन लिया था। आरोप सरासर निराधार हैं।
-दिनेश खन्ना, शाखा प्रबंधक, इलाहाबाद बैंक, बरगढ़।
किसान की मौत स्वाभाविक हुई है। तहरीर में जो कारण बताए गए हैं, वे प्रथमदृष्टया सही नहीं लगते। फिर भी जांच की जा रही है।
-आरआर दुबे, एसओ बरगढ़।
किसान की मौत स्वाभाविक हुई है। इसमें परिजनों द्वारा जो बात कही गई है, प्रथमदृष्टया सही नहीं लगती।
- एसडीएम एके श्रीवास्तव
जब
परिजन किसान को यहां लाए थे तो उसकी हालत गंभीर थी। कुछ देर बाद उसकी मौत
हो गई। पोस्टमार्टम के बाद ही कहा जा सकेगा कि उसकी मौत की वजह क्या है। -
डॉ. शेखर वैश्य, चिकित्साधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र।