चित्रकूट। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने की। बैठक में दिवाली मेला से पहले सड़क किनारे लगे सभी अतिक्रमण हटवाने, भरतकूप खोही मार्ग, मानिकपुर व कर्वी की सड़कों पर पैचिंग कराने का आदेश दिया गया।
डीएम ने नगर पालिका परिषद कर्वी के अधिशासी अधिकारी को सड़क किनारे लगी झाड़ियां काटकर सफाई सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को बेड़ी पुलिया से रामघाट तक सड़क किनारे रखे गिट्टी, बालू और ईंटें हटाकर जुर्माना वसूलने को कहा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सड़क पर कोई अतिक्रमण नहीं रहना चाहिए। कई सड़कों में बने गड्ढों को भी जल्द ठीक कराया जाएगा क्योंकि इन रास्तों से भारी भीड़ गुजरती है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कर्वी से भौरी तक बने डिवाइडर की वजह से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है।
इसके साथ ही डीएम ने मोहरा पुल के शीघ्र तैयार होने का दावा किया। शिवरामपुर पुलिया के टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिया पर इंडिकेटर और साइनेज लगाए जाएं। साथ ही पहाड़ी कस्बा राजापुर, लूप लाइन मानिकपुर और शंभू पेट्रोल पंप से रेलवे तिराहा तक सड़क की पैचिंग कराई जाएगी। मेला प्रबंधन के लिए बस सेवा ड्राइवरों की सूची और मोबाइल नंबर उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। यातायात प्रभारी को बैरियर लगाने और ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर इंडिकेटर लगाने को कहा गया।