आधार कार्ड बनवाए आए ग्रामीणों ने गुरुवार को
पहाड़ी-कर्वी मार्ग पर जाम लगा दिया। एसओ शैलकुमार ने किसी तरह समझा-बुझाकर
जाम खुलवाया। लगभग एक घंटे तक दोनों ओर आवागमन बाधित रहा।
जिले में
आधार कार्ड को लेकर मारामारी है। खास तौर ग्रामीण इलाकों के लोग परेशान
हैं। 13 फरवरी को पहाड़ी में आधार कार्ड के नाम पर लोगों से पैसा वसूलने का
मामला सामने आया था।
इस संबंध में अमर उजाला ने पैसे लेकर आधार
कार्ड बनाते दो गिरफ्तार शीर्षक से खबर भी प्रमुखता से छापी थी। तब जिले
में आधार कार्ड बना रही कंपनी के जिला समन्वयक अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया
कि एसडीएम के निर्देशानुसार 18 फरवरी को ब्लाक परिसर में आधार कार्ड बनाए
जाएंगे।
इस सूचना पर 18 फरवरी को तमाम लोग ब्लाक परिसर पहुंचे और
मायूस लौट गए। अगले दिन गुरुवार को भी सुबह से सैकड़ों ग्रामीणों का
जमावड़ा ब्लाक परिसर में लगने लगा। देर तक इनको आधार कार्ड बनने की जानकारी
नहीं मिली तो इनके धैर्य का बांध टूट गया। ग्रामीणों ने कर्वी-पहाड़ी
मार्ग पर जाम लगा दिया।
लगभग एक घंटे तक दोनों ओर आवागमन बाधित रहा। इसके बाद पहुंचे एसओ शैल कुमार ने भीड़ को समझाया और लोगों को ब्लाक परिसर में ले गए।
यहां
एडीओ (एसपी) मुनेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि एसडीएम के निर्देशानुसार
तीन मार्च से पहाड़ी ब्लाक के आधार कार्ड बनाए जाने हैं। इसके लिए सभी
ग्राम पंचायतों में ब्लाककर्मी जानकारी देंगे। इसके बाद ग्रामीणों का
गुस्सा शांत हुआ।