पोस्टमार्टम हाउस में शोकाकुल बैठे मृतक किसान के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बैलों को पानी पिलाते समय तालाब में पैर फिसलने से किसान इसमें जा गिरा। लगभग दो घंटे बाद उसका शव तालाब से बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार बहिलपुरवा थानाक्षेत्र सपहा गांव के रामभूषण पटेल (45) पुत्र स्व. दीनदयाल शनिवार की शाम दोनों बैलों को खेत से लेकर लौट रहा था। रास्ते में तालाब में दोनों को पानी पिला रहा था कि तभी पैर फिसला और वह पानी में डूब गया। लगभग दो घंटे बाद वहां खेलते बच्चे पहुंचे तो बैलों को तालाब के पास खड़े देखा। घाट किनारे एक साफी पड़ी देखी। अनहोनी की आशंका पर बच्चों ने गांव जाकर सूचना दी। दौड़कर आए ग्रामीणों ने पाया कि रामभूषण डूब गया था और उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पांच भाइयों में रामभूषण की शादी नहीं हुई थी। तीन भाइयों की शादी हो चुकी है। वह खेती किसानी करता था। छोटा भाई तीरथ किसानी में मदद करता है। तीसरे नंबर का भाई सीमा सुरक्षा बल का जवान है। राममिलन भी दिल्ली में रहता है। सबसे छोटा शिवमूरत प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।