चित्रकूट। शरीर को निरोग रखने के लिए हाथों की सही तरह से ही सफाई करने में सभी की भलाई है। यह बातें सोमवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह बात बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को समझाई जा रही है, कोरोना ने इसकी महत्ता को और बढ़ा दिया है।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज ने स्वास्थ्यकर्मियों को बताया कि कई प्रकार के वायरस हाथों से मुंह तक पहुंचते हैं, फिर शरीर के अंदर पेट में पहुंचकर बीमारियों को जन्म देते हैं। इसलिए कोरोना ही नहीं अन्य संक्रामक बीमारियों से भी बचने के लिए हाथों की अच्छी तरह से सफाई बहुत जरूरी है।
बताया कि कोरोना के संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए भी हाथों को अच्छी तरह से धुलाई करने में तब तक किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतनी है। जब तक की इसकी कोई दवाई नहीं आ जाती है। पिछले नौ महीने से इस बारे में हर कदम पर लोगों को सचेत किया जा रहा है।
इसलिए खुद के साथ दूसरों को सुरक्षित बनाने के लिए इसका सौ फीसदी पालन करना सभी के लिए जरूरी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन से लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा बराबर बताया जा रहा है कि हाथों की समय पर अच्छी तरह से सफाई कर करीब 90 फीसद तक कोरोना से अपने को सुरक्षित बना सकते हैं।