राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का एकीकृत अधिवेशन में परिषद के कर्मियों ने जिला प्रशासन के साथ हर तीन महीने में बैठक और संघ के भवन की स्थापना की मांग की है। तहसील सभागार कर्वी में हुए अधिवेशन में डीएम को दो सूत्रीय मांगपत्र दिया गया। अधिवेशन की अध्यक्षता जिला संयोजक वीरेंद्र कुमार द्विवेदी ने की।
सम्मेलन का उद्घाटन जिलाधिकारी नीलम अहलावत ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से किया। प्रांतीय पदाधिकारियों ने बताया कि परिषद के एकीकरण के बाद सभी जिलों में चुनाव प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद केंद्रीय कार्यकारिणी का चयन किया जाएगा।
सभी कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं जैसे पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने, छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने आदि मुद्दे उठाए गए।
अधिवेशन को जितेंद्र बहादुर सिंह, जगबली सिंह, रमाशंकर शर्मा, शांति श्रीवास्तव, मीरा गुप्ता, रामदास सिंह, ऊषादेवी, गुरुप्रसाद, केएस गौतम, लालजी, रामेश्वर प्रसाद, शिवसलोने तिवारी, जयकरन सिंह आदि ने संबोधित किया। अवधेश सिंह ने आयव्यय का ब्योरा रखा। प्रांतीय चेयर मैन संघर्ष समिति शिवबरन सिंह यादव, भूपेश अवस्थी, यदुवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
इस मौके पर जिला कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। चुनाव अधिकारी राजेंद्र सिंह कछवाह और सूर्यभान सिंह ने इसे कराया। वीरेंद्र कुमार को अध्यक्ष, रमाशंकर शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जगबली सिंह को मंत्री, रूपेश पांडे को संप्रेक्षक चुना गया।