जनता की सुनवाई न करने वाले अधिकारियों के बारे में प्रदेश के मुखिया को जानकारी दी जाएगी। सोमवार को पार्टी कार्यालय में जन सुनवाई कार्यक्रम की अध्यक्षता करते समय सपा जिलाध्यक्ष भइयालाल यादव ने ये बात कही। इस मौके पर लोगों ने जिलाध्यक्ष को समस्याएं बताईं। दस शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
सपा जिलाध्यक्ष भइयालाल ने कहा कि बहुत सी शिकायतें आ रहीं हैं कि अधिकारी समस्या को निपटाने में रुचि नहीं दिखाते या थाने में फरियादी की रिपोर्ट नहीं लिखी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सख्त हिदायत है कि किसी भी फरियादी को निराश न किया जाए, इसके बाद भी कई अधिकारी नहीं चेत रहे। अगर ऐसी स्थिति बनी रही तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी।
इस मौके पर पैसुनिया पत्नी फूलचंद्र ने जमीन के विवाद, रसिन के मजरा तमरार के ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग निर्माण तथा विद्युतीकरण आदि समस्याएं आईं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराया जाएगा। इसकी जानकारी बाद में फरियादी को दी जाएगी। सदर विधायक वीर सिंह ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का वादा किया। इस दौरान जिला महासचिव सत्यनारायण पटेल, भोलानाथ खंगार, रमेश यादव, प्रदीप द्विवेदी, गया प्रसाद यादव, अफजल अली, भोलानाथ खंगार आदि मौजूद रहे।