राजापुर (चित्रकूट)। थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकरी के मजरा अमान के पास सोमवार तड़के सड़क के किनारे अल्टो कार धू-धू कर जलती मिली। आगे की सीट पर मानव अवशेष मिले हैं। छोटा गैस सिलिंडर फटने से कार का पिछला हिस्सा उड़ गया है। सिलिंडर का एक टुकड़ा 55 मीटर दूर मिला है। कार में एक मोबाइल जला मिला। इसी के आधार पर महिला ने मानव अवशेष अपने पति का होने का दावा किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सोमवा की सुबह करीब साढ़े चार बजे पीआरवी को सूचना मिली कि अमान गांव से करीब 100 मीटर की दूरी पर राजापुर-लालता रोड पर एक अल्टो कार जल रही है। इसके बाद पीआरवी के साथ थाना प्रभारी प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया। कार में चालक के बगल वाली सीट पर मानव अवशेष मिले हैं।
छोटा गैस सिलिंडर फटने से कार का पिछले हिस्सा उड़ गया है। कार के टुकड़े 35 मीटर और सिलिंडर का कुछ हिस्सा 55 मीटर दूर मिला है। लगता है कि कार में बड़ा विस्फोट हुआ है, जिससे कार की छत उड़ गई और गेट क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर जांच की तो पता चला कि कार मध्य प्रदेश के सतना जिले की है। पिछले दिनों प्रयागराज जिले में कार के कई चालान हुए हैं।
पुलिस जांच में जुटी थी तभी राजापुर थानाक्षेत्र के कंधवनिया गांव निवासी हेमा सिंह मौके पर पहुंचीं और कार में मिले जले मोबाइल फोन के आधार पर मानव अवशेष की पहचान अपने पति सुनील कश्यप निवासी रीवा का बताया। पुलिस ने सिम के आधार पर जांच की तो वह सुनील कश्यप का निकला। एसपी के मुताबिक, अवशेष किसके हैं इसकी जानकारी डीएनए जांच के बाद होगी। हादसा कैसे हुआ इसकी भी जांच की जा रही है।