बुधवार को बोर्ड परीक्षा देने के लिए शहर के लंका के पास वाहन स्टैंड पर जाते परीक्षार्थी।
आज से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी। प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। इस बार नकलची छात्रों और सहयोग करने वाले शिक्षकों की जानकारी आनलाइन रहेगी। यह व्यवस्था हर केंद्र से उसी दिन करना अनिवार्य होगा। इसके लिए हर कालेज में दो कंप्यूटर रखना भी जरूरी होगा। जिले के 42 परीक्षा केंद्रों में तीन केंद्र पहली बार बनाए गए हैं।
जिले के 42 परीक्षा केंद्रों में आज से 25 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में बैठेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक आनंद प्रकाश शर्मा ने बताया कि हर हाल नकल विहीन परीक्षा कराई जाएगी। जोनल, सेक्टर व स्टेटिक्स मजिस्ट्रेट पूरे परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेंगें। हर केंद्र के आसपास पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है। इसके अलावा शिक्षा विभाग के तीन उड़नदस्ता भी संचालित रहेंगे। एक में खुद डीआईओएस, दूसरे में डायट प्राचार्य रामपाल सिंह व तीसरे में एबीएसए दीप्ति रिछारिया की टीम काम करेगें।
डीआईओएस ने बताया कि इस बार नई व्यवस्था के तहत हर दिन नकलची, गैरहाजिर छात्र, शिक्षक की रिपोर्ट ऑनलाइन बोर्ड कार्यालय भेजी जाएगी। इसके लिए हर सेंटर में दो कंप्यूटर व एक आपरेटर की नियुक्ति की गई है। उन्होेंने बताया कि वित्तपोषित कालेज के शिक्षकों को हर हाल में परीक्षा ड्यूटी करनी होगी।
अनफिट के लिए सीएमओ से प्रमाण पत्र लाकर जमा करना होगा। परीक्षा के लिए ओवर आल कंट्रोल रूम मुख्यालय के डीआईओएस कार्यालय में बनाया गया है। इसकी प्रभारी जीजीआईसी की प्रवक्ता विनीता वर्मा होगी। परीक्षा के बाद प्रतिदिन उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षा के साथ स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।
डीआईओएस ने बताया कि स्ट्रांग रूम मुुख्यालय के चित्रकूट इंटर कालेज मेें बनाया गया है। जिले में पहली बार मऊ, सरधुआ व चकमाली के कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस ने बताया कि हर केंद्र प्रभारी को कहा गया है कि फर्नीचर न होने पर किराए पर व्यवस्था करें। मुख्यालय के ज्ञानभारती इंटर कालेज में प्रबंध समिति का विवाद होने के कारण केंद्र व्यवस्थापक कमला साहू को बनाया गया है।