चित्रकूट। गांवों में बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों के लिए मुख्यमंत्री विशेष पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना शुरू हुई है। इसके तहत प्रदेश की 10 सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायती राज विभाग ने 30 सितंबर तक आवेदन मांगे हैं। यह पुरस्कार केवल सड़क-नाली निर्माण पर आधारित नहीं होगा। पंचायतों का मूल्यांकन 10 बिंदुओं पर किया जाएगा। इनमें स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त गांव, पर्यावरण संरक्षण, स्वयं की आय बढ़ाना और डिजिटल सेवाएं शामिल हैं। आर्थिक आत्मनिर्भरता, महिला नेतृत्व और जैविक खेती को बढ़ावा देना भी मूल्यांकन के प्रमुख आधार हैं। यह योजना वर्ष 2025-26 के लिए लागू की गई है। पुरस्कार राशि से चयनित पंचायतें गांव में और विकास कार्य कर सकेंगी।