फोटो 25 सीकेटीपी 25 पुरानी बाजार स्थित पीएचसी में मरीज को देखते डॉक्टर। संवाद
चित्रकूट। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कहीं 50 तो किसी केंद्र में 15 मरीज ही आए।
संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में सभी केंद्रों पर डॉक्टर मरीजों का इलाज करते मिले। अधिकांश केंद्रों पर लोग बुखार, जुकाम और खांसी की समस्या लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी जांच कर परामर्श और दवाएं दी।
दोपहर एक बजे शहर की पीएचसी में डॉ. आशुतोष उपाध्याय मौजूद रहे। उस समय दो गर्भवती महिलाएं केंद्र में मौजूद मिलीं। डॉक्टर ने देखने के बाद जांच के लिए लिखा। एसीएमओ डॉ. अरुण कुमार पटेल भी निरीक्षण करने पहुंचे। शाम चार बजे तक कुल 36 मरीज देखे गए।
दोपहर 12 बजे सरैंया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. राजेश कुमार बैठे हुए नजर आए। कुछ देर में सरैंया निवासी कल्लू बेटे का इलाज कराने पहुंचे। उसे बुखार था। डॉक्टर ने देखने के बाद तीन दिन की दवाएं दी। चार बजे तक कुल 31 मरीज का इलाज किया गया। सीतापुर पीएचसी में भी मरीजों का इलाज करते हुए डॉक्टर मिले।
केंद्र में मरीजों की जांच भी की गईं। परसौंजा पीएचसी में सबसे अधिक 52 मरीज इलाज कराने पहुंचे। वहीं सबसे कम बगदरी में 15 व बराहमाफी में 20 मरीज पहुंचे। सभी 29 केंद्रों में कुल 1025 मरीजों ने पीएचसी में पहुंच कर आरोग्य मेला का लाभ लिया।