चित्रकूट। मुंबई के एक फिल्म निर्माता के बंगले में सिक्योरिटी गार्ड की मौत के मामले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हो गई है। डीएम द्वारा गठित कमेटी ने मामले की जांच पूरी कर ली। गुरुवार को कमेटी ने अपनी रिपोर्ट डीएम कार्यालय को भेज दी है। अब आगे की कार्रवाई डीएम करेंगे। बता दें कि गार्ड की मौत के बाद उसकी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी।
मुंबई से भाड़े के वाहन से गार्ड रविवार को अपने गांव सरैंया पहुंचा था। उसी दिन उसकी तबियत बिगड़ गई थी। परिजनों का आरोप था वह गार्ड के इलाज के लिए शिवरामपुर अस्पताल, जिला अस्पताल फिर मानिकपुर अस्पताल गए। एंबुलेंस सेवा की मदद मांगी गई थी, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। नतीजा यह रहा कि सही इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई थी।
मामले की जांच के लिए डीएम शेषमणि पांडेय ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई थी। इसमें सीएमओ डॉ.विनोद कुमार, अपर एसडीएम रामप्रकाश व सीओ विज्येंद्र द्विवेदी ने जांच की। माना जा रहा है कि जांच में सिक्योरिटी गार्ड के परिजनों की शिकायत सही पायी गई है। अपर एसडीएम रामप्रकाश ने बताया कि जांच पूरी हो चुकी है। रिपोर्ट डीएम कार्यालय भेजी गई है।