अतर्रा। जनपद चित्रकूट में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात एक पुलिसकर्मी पर अध्यापक पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पुलिसकर्मी पति शराब का लती है और उनके व बच्चों के साथ मारपीट करता है। महिला की तहरीर पर अतर्रा कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अतर्रा कस्बे के आंबेडकर नगर निवासी नीलम गौतम गांव पचोखर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अप्रैल 2011 में उनकी शादी महोबा के सुभाषनगर निवासी दीपक प्रकाश वर्मा से हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी है। पति चित्रकूट जिले में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात था। ड्यूटी में लापरवाही और शराब पीने से जुड़ा वीडियो प्रसारित होने के बाद वह करीब डेढ़ माह पहले निलंबित भी हो गया था।
आरोप है कि पति शराब के नशे में आए दिन उनके साथ मारपीट करता था। बच्चों को भी पीटता था। 28 अक्तूबर को करवाचौथ पर वह महोबा स्थित ससुराल गई थीं। वहां पति दीपक प्रकाश, सास मनु देवी और चचेरे ससुर चंद्रभान ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद वह बच्चों के साथ अतर्रा लौट आईं। आरोप है कि रविवार रात पति किराये के मकान पर पहुंचा और फिर मारपीट की। प्रभारी निरीक्षक अतर्रा राकेश तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।